महासमुंद:महतारी वंदन का संबल, बेटियों के भविष्य के लिए बन रही बचत की मिसाल पढ़े पूरी खबर

महासमुंद। महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ परिवार की जरूरतों को पूरा करने और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बचत का अवसर भी दे रही है। योजना से मिलने वाली राशि का महिलाएं अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार सदुपयोग कर रही हैं। महासमुंद शहर की श्रीमती कनिज फातिमा और श्रीमती कचरू देवार ने योजना की राशि से अपनी बेटियों के नाम सुकन्या समृद्धि खाते खुलवाकर हर माह बचत शुरू की है।
राम रहीम नगर निवासी श्रीमती कनिज फातिमा को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपए की राशि मिल रही है। इसमें से वे 500 रुपए अपनी बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि खाते में जमा करती हैं, जबकि शेष 500 रुपए बेटी के पोषण एवं आवश्यक जरूरतों पर खर्च करती हैं। उनका कहना है कि योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें बेटी के भविष्य के लिए नियमित बचत करने का अवसर दिया है।
इसी तरह देवार डेरा निवासी श्रीमती कचरू देवार ने भी अपनी बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाया है। वे प्रत्येक माह महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि में से 500 रुपए खाते में जमा कर रही हैं। इस तरह योजना से मिलने वाली सहायता राशि बेटियों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में उपयोगी साबित हो रही है।
श्रीमती कनिज फातिमा और श्रीमती कचरू देवार ने महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने तथा बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए महतारी वंदन योजना के माध्यम से सहयोग देने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु भैया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।






























