बागबाहरा : नमकीन दुकान पर चोरों का धावा, ताला तोड़कर 17,655 रुपये का माल पार

बागबाहरा। नगर के मंडी रोड स्थित पब्लिक स्कूल के पास जे.डी. नमकीन भण्डार (सिद्धी विनायक नमकीन) में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान संचालक कैलाशचंद शर्मा ने थाना बागबाहरा में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रार्थी के अनुसार 10 सितंबर की सुबह जब वह दुकान पहुंचा तो दुकान के सामने का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर दुकान से 2 एचपी की कम्पटन कंपनी की मोटर, विभिन्न ब्रांड की सिगरेट, गुटका, पान पराग, नमकीन सामान तथा अनुमानित 350 रुपये की चिल्हर नगदी गायब मिली। चोरी हुए सामान व नगदी की कुल कीमत 17,655 रुपये बताई गई है।
संचालक ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी 21 अगस्त को उसकी दुकान में चोरी हुई थी, जिसकी सूचना थाना में दी गई थी। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्रथम दृष्टया धारा 305(ए), 331(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


























