बागबाहरा:पुरानी रंजिश को लेकर महिलाओं से मारपीट, घर में तोड़फोड़ का आरोप

बागबाहरा। पुरानी रंजिश को लेकर महिलाओं के साथ गाली-गलौज करते हुए पत्थर से मारपीट करने और घर में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। घटना 20 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:30 बजे शराब भट्ठी रोड स्थित कचरा दान के पास की बताई गई है।
शिकायत के अनुसार, महिला महासमुंद में पेशी में उपस्थित होकर वापस बागबाहरा अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान दुष्यंत चंद्राकर, रवि चंद्राकर एवं अन्य लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर उन्हें देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी और पत्थर से मारपीट की। घटना में महिला के हाथ, पैर व पेट में चोट आई। वहीं खैरून बी के जांघ, पैर व हाथ तथा निशा खान के पैर, जांघ और पेट में चोट लगने की जानकारी दी गई है।
घायलों का प्राथमिक उपचार सीएचसी बागबाहरा में कराया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके घर में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। घटनास्थल पर मौजूद शेख अजमैर सहित अन्य लोगों द्वारा घटना देखने, सुनने और बीच-बचाव करने की बात कही गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।



























