महासमुंद : ग्राम सभा के दौरान सरपंच व उपसरपंच में मारपीट, मामला दर्ज

ग्राम बेलसोंडा में ग्राम सभा के दौरान सरपंच व उप सरपंच के बीच मारपीट हो गई। यहीं नहीं दोनों ने एक दूसरे को जान से मारने की धमकी भी दे डाली। पुलिस ने सरपंच भामिनी चंद्राकर, उप सरपंच हुलसी चंद्राकर व उसके पति जितेंद्र चंद्राकर के खिलाफ काउंटर केस दर्ज किया है। दोनों ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।काेतवाली प्रभारी सिद्धेश्वर सिंह ने बताया कि सरपंच भामिनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उपसरपंच हुलसी चंद्राकर और उनके पति जितेंद्र चंद्राकर ने ग्रामसभा की कार्रवाई समाप्त होने के बाद जब कोई मुद्दा नहीं मिला तो जबरन मारपीट व गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इससे उनके हाथ में चोट आई है।
शुरू में उपसरपंच हुलसी चंद्राकर ने टेबल में रखे सरपंच की नेम प्लेट से फेंककर सरपंच के सिर में चोट पहुंचाने की कोशिश की। इसके बाद उपसरपंच और उनके पति ने सामूहिक रूप से सरपंच को मारने के लिए दौड़ाया तो सभी पंचों ने सरपंच को बचाया फिर भी सरपंच के हाथ में चोट आई है।
इधर, उप-सरपंच हुलसी ने पुलिस को बताया कि ग्राम पंचायत सभा की बैठक के दौरान आवक-जावक राशि की पूछताछ करने पर कुछ भी बताने से मना करते हुए गाली देते सरपंच ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।






















