सरायपाली:गाली देने से मना किया तो युवक के सिर पर छड़ से किया वार जानिए मामला

सरायपाली। ग्राम गोहिरापाली में गाली-गलौज करने से मना करने पर एक युवक के साथ मारपीट कर सिर पर लोहे की छड़ से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में युवक शशि कुम्हार के सिर में चोट लगने से खून निकल आया, जिसे डायल 112 की मदद से शासकीय अस्पताल सरायपाली में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, मालिकराम कुम्हार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 सितंबर को उसका पुत्र शशि कुम्हार मधु के पास बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गांव का बबलू छत्तर गाली-गलौज करते हुए वहां से गुजर रहा था। शशि द्वारा गाली देने से मना करने पर आरोपी ने उसके साथ मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और छड़ से उसके सिर पर वार कर दिया।
घटना के दौरान मधु जाल और नरेश कुमार ने घटना देखी तथा बीच-बचाव किया। घायल शशि को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 115(2), 296 एवं 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






























