सरायपाली:नशा मुक्त ग्राम बनाने ग्रामीणों ने उठाया कदम, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

सरायपाली। ग्राम कुटेला को नशा मुक्त ग्राम बनाने के उद्देश्य से राजीव गांधी भवन में सरपंच, पंचगण, जनपद पंचायत सरायपाली के उपाध्यक्ष मुकेश (धर्मेंद्र) चौधरी सहित ग्रामवासियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए शराब, गांजा, नशीले इंजेक्शन, टैबलेट सहित अन्य मादक पदार्थों के विक्रय एवं सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नशा मुक्त ग्राम समिति का गठन किया गया, जिसमें सलाहकार, संरक्षक, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष सहित कुल 52 सदस्यों को शामिल किया गया है। समिति ने निर्णय लिया कि मादक पदार्थों का विक्रय करते पाए जाने पर प्रशासन को सूचना देकर नियमानुसार कार्रवाई कराई जाएगी।
इसी क्रम में आवश्यक सहयोग एवं कार्रवाई के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली को ज्ञापन सौंपा गया। साथ ही एसडीओपी सरायपाली, थाना प्रभारी सरायपाली और आबकारी निरीक्षक को ज्ञापन की प्रतिलिपि देकर अभियान में सहयोग का आग्रह किया गया।
19 सितंबर को ग्राम कुटेला में नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में समिति के पदाधिकारियों के अलावा प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। करीब 200 लोगों ने रैली में सहभागिता की। रैली गांव के प्रमुख चौक-चौराहों और गलियों से होकर गुजरी। इस दौरान नशा मुक्ति गीतों और नारों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर नशा मुक्त ग्राम समिति के अध्यक्ष भोजराज पटेल, सचिव नेहरू लाल चौधरी, गुलाबी गैंग महिला समिति केजुवां के संयोजक चंद्रसाय मांझी सहित समिति के पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने कुटेला को नशा मुक्त ग्राम बनाने के लिए सामूहिक रूप से सहयोग और सहभागिता का संकल्प लिया।





























