तुमगांव:दुकान का ताला तोड़कर रूपये पार, पिता ने बेटे पर लगाया चोरी का आरोप

महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम खैरझिटी में दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखे 5 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। मामले में पिता ने अपने बेटे पर ही चोरी करने का आरोप लगाते हुए थाना तुमगांव में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खैरझिटी निवासी मानिकलाल साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे वह दुकान के कमरे में ताला लगाकर खेत काम करने चला गया था। दोपहर करीब 1 बजे वापस लौटने पर दुकान के कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर गल्ले की जांच करने पर उसमें रखे 5 हजार रुपये गायब मिले।
शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना के समय उसका बेटा शिवम साहू घर में मौजूद था। पूछताछ करने पर पहले वह गोलमोल जवाब देने लगा, बाद में उसने दुकान के गल्ले से 5 हजार रुपये चोरी करना स्वीकार किया। शिकायतकर्ता ने पूर्व में घर से सोने का नेकलेस और झुमका चोरी होने का उल्लेख करते हुए उसमें भी बेटे शिवम और उसके दोस्तों पर संदेह जताया है।
पुलिस ने लिखित आवेदन के आधार पर आरोपी शिवम साहू एवं अन्य के विरुद्ध धारा 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।



























