सरायपाली:जमीन विवाद को लेकर महिला से मारपीट, मां को धक्का देकर गिराया

सरायपाली। वार्ड नंबर 03 महलपारा में पुरानी रंजिश एवं जमीन विवाद को लेकर एक महिला और उसकी मां के साथ मारपीट व गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सरायपाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे पीड़िता अपने घर में सब्जी बना रही थी। इसी दौरान उसके बड़े पिता का लड़का दीपक सिंह ठाकुर घर के सामने गली में पहुंचा और परिवार के लोगों से गाली-गलौज करने लगा। पीड़िता और उसकी मां बिजली सिंह ठाकुर ने उसे गाली देने से मना किया, तो आरोप है कि दीपक ने उसकी मां को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गई।
पीड़िता ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने कथित रूप से डंडा उठाकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडे से उसके दाहिने हाथ की कलाई व तर्जनी उंगली में मार दिया। घटना को पड़ोसी संजना सिदार, राजकुमारी सिंह सहित अन्य लोगों द्वारा देखे जाने की बात शिकायत में कही गई है।
शिकायत के आधार पर सरायपाली पुलिस ने आरोपी दीपक सिंह ठाकुर के विरुद्ध धारा 115(2), 296 एवं 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।






























