सरायपाली:जमीन बेचने का सौदा कर 5 लाख लिए, दूसरे को बेचने का आरोप जानिए मामला

सरायपाली। ग्राम गिरसा निवासी शिक्षक कार्तिकराम पटेल ने बरिहापाली निवासी रूखमणी चौधरी के खिलाफ जमीन बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी करने की शिकायत थाना सरायपाली में दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार रूखमणी चौधरी ने ग्राम केंदुवा स्थित अपनी जमीन प.ह.नं. 06, खसरा नंबर 124, रकबा 0.2000 हेक्टेयर को कार्तिकराम पटेल को बेचने का सौदा किया था।
शिकायतकर्ता के मुताबिक 26 जनवरी 2026 को सतपथी टायपिंग, सरायपाली में गवाहों की मौजूदगी में जमीन बिक्री के लिए इकरारनामा किया गया था। इसके बाद 26 जनवरी को 1.82 लाख रुपए, 25 फरवरी को 1 लाख रुपए तथा 7 मार्च को 2.18 लाख रुपए सहित कुल 5 लाख रुपए बतौर बयाना/राशि दिए गए।
आरोप है कि इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए कहने पर रूखमणी चौधरी टालमटोल करती रहीं। कुछ समय बाद शिकायतकर्ता को जानकारी मिली कि उक्त जमीन ग्राम केंदुवा निवासी चुम्मन पटेल को बेचकर रजिस्ट्री कर दी गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जमीन किसी अन्य को बेचने के बावजूद उसके 5 लाख रुपए वापस नहीं किए गए।
मामले में कार्तिकराम पटेल ने इकरारनामा, जमीन की रजिस्ट्री की छायाप्रति तथा अधिवक्ता के माध्यम से भेजे गए नोटिस सहित अन्य दस्तावेज थाना सरायपाली में प्रस्तुत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की है। शिकायत में धारा 318(4)-BNS का उल्लेख किया गया है।






























