सरायपाली:गलत साइड से बाइक चलाने पर टोका तो साथियों संग मिलकर दो भाइयों से मारपीट

सरायपाली। कुटेला ओवरब्रिज के पास गलत साइड से मोटरसाइकिल चलाकर आने वाले युवक को टोकना दो भाइयों को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों भाइयों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मामले में सरायपाली पुलिस ने धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक 11 बाजारपारा निवासी नीरज पाणिग्राही 12 सितंबर की रात अपने भाई रोहनित पाणिग्राही और दोस्त अजय चौधरी के साथ रायपुर से ट्रेनिंग कर कार से सरायपाली लौट रहे थे। रात करीब 11:40 बजे कुटेला ओवरब्रिज के पास मोहम्मद अरशद खान मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GB 3014 से गलत साइड से आते मिला। उसे बचाने के प्रयास में नीरज की कार क्रमांक CG 06 HC 3100 सड़क किनारे गड्ढे में घुस गई।
नीरज ने अरशद को गलत साइड से वाहन चलाने की बात कही तो कथित रूप से उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद नीरज, रोहनित और अजय अपने परिचित को छोड़कर वापस घर लौट रहे थे, तभी सुमीत बाजार के पास अरशद ने अन्य साथियों को बुलाकर दोनों भाइयों को रोक लिया और हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
दोनों भाई जान बचाकर भागे और थाना जाने का प्रयास किया, लेकिन थाना चौक के पास भी आरोपियों को खड़ा देखकर वे वहां से निकल गए। मारपीट में नीरज के बाएं हाथ की कोहनी के पास तथा रोहनित के बाएं गर्दन के पास चोट आई है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी अजय चौधरी ने बीच-बचाव किया। परिवार से सलाह के बाद नीरज ने 16 सितंबर को सरायपाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






























