बसना:पिरदा महाविद्यालय में NSS उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

पिरदा। पिरदा महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. ए. एल. पटेल के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी मकरध्वज राणा के निर्देशन में NSS उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं सामाजिक दायित्वों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के आदर्श व्यक्तित्व स्वामी विवेकानंद के पूजन-अर्चन से हुई। हिन्दी के सहायक प्राध्यापक डॉ. अंकित भोई ने विद्यार्थियों को NSS के महत्व एवं समाज कल्याण में इसकी बहुआयामी भूमिका की जानकारी देते हुए योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। प्राणिशास्त्र की सहायक प्राध्यापिका श्रीमती सपना भोई ने अपने शिविर अनुभव साझा करते हुए NSS की दैनिक गतिविधियों एवं प्रतीक चिह्न के विभिन्न अर्थों पर चर्चा की।
प्राचार्य डॉ. ए. एल. पटेल ने विद्यार्थियों को समाज सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि NSS केवल सेवा कार्यों का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
कार्यक्रम में NSS के स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने समाज एवं राष्ट्रहित में सेवा कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। अंत में नवप्रवेशित स्वयंसेवकों को डायरी एवं बैच वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी मकरध्वज राणा ने किया। कार्यक्रम की जानकारी महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. अंकित भोई ने दी।






























