महासमुंद:मायके जाने से रोकने पर विवाद, पति ने पत्नी से डंडे से की मारपीट

महासमुंद। वार्ड नंबर 04 पिथौरा निवासी विद्या देवांगन ने अपने पति राजू देवांगन पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार 23 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे मायके जाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि राजू देवांगन ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का और डंडे से मारपीट की, जिससे विद्या के दोनों हाथ और पैरों में चोट आई।
विद्या के अनुसार मारपीट के बाद पति ने उसे घर से बाहर निकालकर मकान में ताला लगा दिया। इसके बाद वह पड़ोसी के.के. चंदेह के घर में रही। पड़ोसी ने उसके पति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। बाद में वह अपने 10 वर्षीय बेटे हितांशु देवांगन को लेकर महासमुंद स्थित अपनी बहन भूनेश्वरी देवांगन के घर पहुंची। परिवार से चर्चा के बाद उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी राजू देवांगन के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296, 115(2) एवं 351(3) के तहत शून्य प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना में लिया है। मुख्य घटनास्थल थाना पिथौरा क्षेत्र का होने के कारण प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित थाना भेजे जाने की प्रक्रिया की गई है।






























