कोमाखान:झांकी देखने गए युवक को घेरकर पीटा, बायीं आंख और सिर में चोट

कोमाखान। ग्राम नर्रा में पटपर झांकी कार्यक्रम देखने गए युवक के साथ गाली-गलौज कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। प्रार्थी ओम प्रकाश यादव, निवासी पण्डरीपानी की शिकायत पर थाना कोमाखान पुलिस ने धारा 296, 115(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 18 सितंबर 2026 की रात करीब 12:30 बजे की है। ओम प्रकाश यादव अपने दोस्त तेजा पटेल के साथ ग्राम नर्रा में पटपर झांकी कार्यक्रम देखने गया था। वहां त्रिलोकी पटेल कथित रूप से शराब के नशे में उससे गाली-गलौज करने लगा। ओम प्रकाश द्वारा गाली देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि त्रिलोकी पटेल ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का, लात-घूंसे से मारपीट की।
मारपीट में ओम प्रकाश की बायीं आंख, सिर और दाहिने हाथ के अंगूठे में चोट आने की बात शिकायत में कही गई है। घटना के दौरान उसके दोस्त तेजा पटेल एवं भेखराम तांडी ने बीच-बचाव किया। इसके बाद तेजा पटेल उसे घर ले गया। प्रार्थी ने उपचार कराने के बाद परिवार से चर्चा कर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





























