सांकरा:पुराने पैसों के विवाद में बाइक रोककर मारपीट, बीच-बचाव करने पहुंचे भाई से भी मारपीट

सांकरा। पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर रिखादादर चौक के पास दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। प्रार्थी रमेश भोई, निवासी परसवानी ने थाना सांकरा में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भरत दीवान और प्रज्ञा दीवान के खिलाफ धारा 115(2), 126(2), 296, 3(5) एवं 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 24 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 2 बजे की है। शिकायतकर्ता के भांजे चिरंजीव साहू ने फोन कर बताया कि वह और दिनेश भोई मोटरसाइकिल से रायपुर से परसवानी आ रहे थे। रिखादादर चौक के पास भरत दीवान और प्रज्ञा दीवान ने दिनेश की मोटरसाइकिल को रास्ते में रोककर पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
जानकारी मिलने पर रमेश भोई मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ भी हाथ-मुक्का से मारपीट की गई, जिससे उसके मुंह, होंठ और दोनों घुटनों के पास चोट आई। वहीं दिनेश भोई को मोटरसाइकिल की चाबी से मस्तक तथा हाथ-मुक्का से सिर और दाहिने हाथ की उंगली में चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है।
घटना के दौरान चिरंजीव साहू सहित मौके पर मौजूद लोगों द्वारा घटना देखने-सुनने की बात शिकायत में दर्ज है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


























