सांकरा :चार भैंसों को पैर बांधकर कत्लखाने ले जा रहा था पिकअप चालक, पुलिस ने पकड़ा

सांकरा। वन उपज जांच नाका झगरेंडीह के पास पुलिस ने चार भैंसों को क्रूरता पूर्वक बांधकर पिकअप वाहन से ओडिशा के कत्लखाने ले जाने के मामले में कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 7 अगस्त की रात वन उपज जांच नाका झगरेंडीह में वन विभाग की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की पिकअप क्रमांक CG 04 QS 7448 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के डाले के अंदर चार भैंसों को प्लास्टिक की पीली रस्सी से चारों पैर बांधकर हुक में क्रूरता पूर्वक रखा गया था।
पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम सेतू यादव (28), पिता संतोष यादव, निवासी महत्तमतोरा, थाना खरियाररोड, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) बताया। चालक के अनुसार वह भैंसों को ग्राम भोगडीह, थाना सलिहा से ओडिशा के चेरगांझांझ स्थित कत्लखाने ले जा रहा था।
मामले में डिप्टी रेंजर बिरेन्द्र कुमार पाठक की शिकायत पर थाना सांकरा पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।






























