सांकरा:जोंक नदी पुलिया के पास कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, जांच के बाद चालक पर मामला दर्ज

सांकरा। थाना सांकरा क्षेत्र में जोंक नदी के पुराने पुलिया के पास हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार भागीरथी साहू (55) की मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस जांच में कार चालक द्वारा तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर मोटरसाइकिल को टक्कर मारने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक भागीरथी साहू पिता मयाराम साहू निवासी बारगबौद, थाना राजादेवरी, अपने साथियों के साथ 30 अगस्त 2026 को कृषि दवाई लेने सांकरा आया था। करीब दोपहर 3 बजे जोंक नदी के पुराने पुलिया के पास सफेद रंग की कार क्रमांक CG 06 GY 5870 ने उनकी मोटरसाइकिल Honda Shine क्रमांक CG 06 HD 3580 को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार जोंक नदी में जा गिरे।
हादसे में बिशालीक दीवान और विजय साहू नदी से बाहर निकल आए और उन्हें सांकरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं भागीरथी साहू मोटरसाइकिल सहित नदी के पानी में बह गया। काफी खोजबीन के बाद 3 सितंबर को उसका शव ग्राम थरगांव पुल के पास जोंक नदी में मिला।
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। जांच में वाहन चालक राजकुमार निषाद (40), निवासी दुधीपाली थाना बसना द्वारा वाहन को तेज व लापरवाहीपूर्वक तथा खतरनाक ढंग से चलाने के कारण दुर्घटना होना पाया गया। मामले में पुलिस ने धारा 281, 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।




























