महासमुंद:शराब के नशे में भाई ने की मारपीट, मां-बेटे को दी जान से मारने की धमकी

महासमुंद। ग्राम घोड़ारी के वार्ड नंबर 13 निवासी युवक ने अपने बड़े भाई पर शराब के नशे में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित ने थाना पहुंचकर कार्रवाई के लिए शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, 6 अगस्त की रात करीब 8 बजे पीड़ित अपनी मां गीता सोनी के साथ घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई सूरज सोनी शराब के नशे में घर पहुंचा। पीड़ित ने उसे शराब पीकर घर आने से मना करते हुए अपने घर बेलसोंडा जाने को कहा। इस बात पर सूरज ने कथित रूप से मां-बेटे को गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया।
गाली देने से मना करने पर आरोपी ने पीड़ित के साथ हाथ-थप्पड़ से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची मां को भी गाली देने के साथ दोनों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इसी दौरान पिता नरेंद्र सोनी के घर पहुंचने पर उन्हें भी गाली-गलौज किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
मारपीट में पीड़ित के दाहिने गाल और पीठ में दर्द होने की बात कही गई है। पीड़ित ने शिकायत में अपने भाई पर शराब पीने का आदी होने तथा घर का सामान बेचकर शराब पीने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद परिजनों से सलाह-मशविरा कर 7 अगस्त को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।



























