सरायपाली:जियो टावर से केबल चोरी करते आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा

सरायपाली। ग्राम राजाडीह स्थित जियो टावर में चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे एक युवक को टावर के तकनीशियनों ने मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के कब्जे से केबल, एमसीपी और केबल कटर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जियो टावर के तकनीशियन भागवत कश्यप को 13 अगस्त की रात करीब 1:02 बजे राजाडीह साइट पर डोर ओपन का अलार्म मिला। उन्होंने अपने साथी तकनीशियन नरेंद्रकांत कश्यप और ड्राइवर मुकेश चौहान को सूचना दी और तीनों राजाडीह टावर पहुंचे। टावर से करीब 50 मीटर पहले उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति टावर के घेराव को उठाकर अंदर घुसा और केबल काटकर बैग में भरने लगा।
तीनों ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो वह लाल रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 P 4329 से भागने लगा। बताया गया कि आरोपी ने मोटरसाइकिल से उन्हें कुचलने का प्रयास किया, लेकिन खेत में गिर गया। इसके बाद तकनीशियनों ने उसे पकड़कर डायल 112 को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवक की पहचान राबिन साहू (27), निवासी बैतारी, थाना सरायपाली के रूप में हुई है। उसके पास से करीब 5 मीटर कॉपर केबल, बैटरी एवं अर्थिंग केबल, दो एमसीपी तथा दो केबल कटर बरामद किए गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को डायल 112 की मदद से थाना सरायपाली लाया गया, जहां शिकायत के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





























