तेदुकोना:घर का ताला तोड़कर 5.59 लाख की चोरी, सोने-चांदी के जेवरात और नगदी ले उड़े चोर

तेन्दूकोना। थाना तेन्दूकोना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 5 लाख 59 हजार 500 रुपये के सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम चोरी कर ली। घटना 12 अगस्त की बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार तेन्दूकोना निवासी शिवप्रताप सिंह ठाकुर (62) होटल व्यवसाय से जुड़े हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 12 अगस्त को सुबह करीब 11:40 बजे वे परिवार के साथ रतिपाली, ओडिशा गए थे। घर के मुख्य गेट और परछी के दरवाजे पर ताला लगा था। शाम करीब 8 बजे वापस लौटने पर परछी के दरवाजे की कुंडी टूटी मिली और ताला जमीन पर पड़ा था।
अंदर जाकर देखने पर सामान बिखरा मिला। पुत्र-बहू के कमरे में रखी आलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। चोर उसमें रखे मंगलसूत्र, सोने के कान के आभूषण, अंगूठियां, फुल्ली, नाथ, बिंदिया सहित चांदी के पायल, कमरबंद, बिछिया और चांदी का सिक्का ले गए। चोरी हुए जेवरात की कीमत करीब 5 लाख 14 हजार 500 रुपये तथा 45 हजार रुपये नगद बताई गई है। कुल चोरी की रकम 5 लाख 59 हजार 500 रुपये है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के साथ चोरी की घटना की जांच की जा रही है।



























