सरायपाली:दर्राभाठा प्राथमिक शाला में विद्यार्थियों को पहाड़ा, कॉपी व पेन का वितरण

सरायपाली। शासकीय प्राथमिक शाला दर्राभाठा, संकुल केंद्र बैदपाली में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास एवं अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से पहाड़ा, कॉपी एवं पेन का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को उपयोगी शैक्षणिक सामग्री प्रदान कर नियमित अध्ययन, लेखन अभ्यास एवं गणितीय दक्षता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के तहत आराध्या स्पोर्ट्स की ओर से पहाड़ा तथा पंच सुशीला कुमार की ओर से कॉपी उपलब्ध कराई गई। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रीबिका कुमार ने भी अपनी ओर से सभी विद्यार्थियों को कॉपी भेंट की।
प्रधान पाठक हृदयराम राम साव ने कहा कि आवश्यक शैक्षणिक सामग्री मिलने से बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह और रुचि बढ़ती है। वहीं शिक्षक जयंत बारीक ने कहा कि प्रारंभिक स्तर से नियमित अभ्यास की आदत बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव रखती है। उन्होंने बताया कि पहाड़ा गणितीय दक्षता को विकसित करता है, जबकि कॉपी और पेन लेखन कौशल को बेहतर बनाने में सहायक हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने, प्रतिदिन पढ़ाई करने, लिखने का अभ्यास करने तथा पहाड़ों का नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक शैक्षणिक सामग्री प्राप्त की और इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर कल्याणी नाग, कुंती नंद, रमीला विभार सहित विद्यालय परिवार एवं सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।

































