पटेवा :20 साल से रेगहा पर खेती कर रहे किसान के खेत से पंप चोरी, जांच शुरू

पटेवा (महासमुंद)। थाना पटेवा क्षेत्र के ग्राम चिरको में रेगहा पर खेती करने वाले किसान के खेत से सबमर्सिबल पंप और केबल वायर चोरी होने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम चिरको निवासी प्रार्थी पुनित पटेल ने शिकायत दर्ज कराई कि वह पिछले 20-25 वर्षों से रायपुर निवासी भूपेश बांधे की जमीन रेगहा पर लेकर खेती कर रहा है। भूमि स्वामी द्वारा खेत में जगुवार कंपनी का 2 एचपी सबमर्सिबल पंप लगाया गया था। 7 अप्रैल 2026 की शाम खेत से घर लौटने के बाद जब 8 अप्रैल की सुबह खेत पहुंचा तो पंप और केबल वायर गायब मिले। चोरी गए सामान की कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
प्रार्थी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास तलाश की। पूछताछ के दौरान ग्राम में आयोजित सार्वजनिक बैठक में हिरामन निषाद और लोकेश ध्रुव ने कथित रूप से दूधेश्वर पटेल, राजेश ध्रुव एवं युवराज ध्रुव के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोप है कि चोरी किया गया पंप गांव के सुखराम पटेल को 3 हजार रुपये में बेचा गया। वहीं एक वर्ष पूर्व चोरी किए गए दूसरे 2 एचपी पंप को भी 2 हजार रुपये में सुखराम पटेल को बेचने की बात सामने आई।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि पड़ोसी गांव सलिहाभांठा के एक किसान के खेत से चोरी किए गए 3 एचपी सबमर्सिबल पंप को भरत पटेल के पास 3,500 रुपये में बेचे जाने की जानकारी मिली है।
प्रार्थी हिरामन निषाद एवं लोकेश ध्रुव को थाना लेकर पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। थाना पटेवा पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस चोरी गए पंप और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।
































