तुमगांव:जेसीबी लेकर खेत पहुंचे ग्रामीण, विरोध करने पर महिलाओं से मारपीट का आरोप

महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहकम में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने थाना तुमगांव में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने जेसीबी मशीन लेकर खेत में पहुंचकर उन्हें जमीन से बेदखल करने का प्रयास किया तथा विरोध करने पर मारपीट की।
शिकायत के अनुसार, ग्राम मोहकम की रहने वाली महिला ने बताया कि पानी टंकी के पास स्थित लगभग 3.50 एकड़ भूमि पर वह तथा गांव की विश्वावसा कमार पिछले 35 से 40 वर्षों से खेती-किसानी कर रहे हैं। आरोप है कि 14 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10 बजे आनंद सिन्हा, नारायण सिन्हा सहित अन्य लोग जेसीबी मशीन लेकर खेत पहुंचे और उक्त भूमि को स्कूल के लिए आरक्षित बताते हुए खाली करने को कहा।
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने खेत में जेसीबी चलाकर बाड़ी में लगे बांस के पेड़ों को उखाड़ दिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए डंडे, हाथ-मुक्के और लात-घूंसों से मारपीट की गई। घटना में पीड़िता, उसकी पुत्री केश बाई कमार तथा विश्वावसा कमार के साथ मारपीट होने का आरोप लगाया गया है। जान से मारने की धमकी देने की भी शिकायत की गई है।
पीड़िता के अनुसार, घटना के प्रत्यक्षदर्शी लक्ष्मी कमार और राहुल कमार हैं। भय के कारण घटना वाले दिन रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई जा सकी, जिसके बाद बाद में थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में भूमि के स्वामित्व एवं कब्जे से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।





























