सरायपाली : 400 नाइट्राजेपाम नशीली गोलियों के साथ रायपुर का युवक धरा गया

सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवा Nitrazepam Tablets (Nitrosun 10 mg) की बड़ी खेप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 400 नशीली गोलियां, दो मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 14,560 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 जुलाई 2026 की शाम टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घंटेश्वरी मंदिर तिराहा के पास एक युवक प्रतिबंधित नशीली गोलियां लेकर खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने पंच गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर युवक को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विजय चौबे (20 वर्ष) निवासी शिव चौक, लालपुर, थाना टिकरापारा, जिला रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से Nitrosun 10 mg की 40 पत्तियां (कुल 400 टैबलेट) बरामद हुईं। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह उक्त दवाइयां पदमपुर (ओडिशा) से खरीदकर लाया था। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने दवाइयों के साथ दो मोबाइल फोन और 360 रुपये नकद जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सरायपाली थाना में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीली दवाइयों की आपूर्ति किस नेटवर्क के माध्यम से कर रहा था और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।

































