सरायपाली

सरायपाली:जमीन विवाद में युवक का खूनी हमला, गैंती से चाचा, चचेरे भाई और चाची को किया घायल

सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बालसी में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के बीच हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि एक युवक ने गैंती से हमला कर अपने चाचा, चचेरे भाई और चाची को गंभीर रूप से घायल कर दिया। तीनों घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सरायपाली में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, घायल अवध लाल जांगड़े (42) ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने हिस्से की जमीन पर मकान का निर्माण करा रहे हैं। इसी बात को लेकर उनके बड़े भाई का पुत्र राजेश जांगड़े (26) लंबे समय से विवाद कर रहा था और जमीन पर निर्माण नहीं करने की धमकी देता था।
गुरुवार सुबह करीब 8 बजे राजेश जांगड़े कथित रूप से गैंती लेकर अवध लाल के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर उसने गैंती से अवध लाल पर लगातार वार कर दिया, जिससे उनकी पीठ और कमर के पास गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र रमेश जांगड़े पर भी गैंती से हमला किया गया, जबकि पत्नी रायमोती को ईंट के टुकड़े मारकर घायल कर दिया गया।
हमले के बाद तीनों घायल किसी तरह घर के भीतर जाकर अपनी जान बचाई। बाद में ग्रामीणों की मदद से उन्हें शासकीय अस्पताल सरायपाली पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल का बयान दर्ज किया। सरायपाली थाना पुलिस ने आरोपी राजेश जांगड़े के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!