सरायपाली

सरायपाली:विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता एवं शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर

सरायपाली। विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक सरायपाली के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन स्वामी आत्मानंद विद्यालय सरायपाली में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री अनुपमा आनंद की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में विकासखंड के समस्त प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।
बैठक में शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। अध्यक्षता करते हुए सुश्री अनुपमा आनंद ने शिक्षकों की नियमित एवं समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने, मध्यान्ह भोजन कक्ष की स्वच्छता बनाए रखने तथा शासन के निर्देशानुसार विद्यालयों में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने उल्लास सर्वे को शीघ्र पूर्ण कर असाक्षरों की सूची विकासखंड कार्यालय में जमा करने तथा किसी भी बच्चे को शिक्षा से वंचित न रहने देने पर विशेष जोर दिया। ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी उपलब्ध कराने तथा आगामी सोमवार तक यू-डाइस में सुधार प्रपत्र (SO-3) कार्यालय में जमा करने के निर्देश संस्था प्रमुखों एवं संकुल समन्वयकों को दिए गए।
बैठक में जर्जर भवनों में किसी भी परिस्थिति में शाला संचालन नहीं करने तथा ऐसे भवनों की सूची तैयार कर आवश्यक प्रस्ताव कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सभी संस्था प्रमुखों को यू-डाइस में विद्यार्थियों की प्रोग्रेशन प्रविष्टि समय सीमा में पूर्ण करने के लिए कहा गया।
बैठक के अंत में विकासखंड को पूर्ण साक्षर बनाने के उद्देश्य से उल्लास कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु अनुविभागीय अधिकारी द्वारा सभी उपस्थितों को उल्लास शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी.एन. दीवान, विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक सहित विकासखंड के सभी प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में देवानंद नायक ने आभार व्यक्त किया। यह जानकारी शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप द्वारा दी गई।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!