सरायपाली: छात्रावास में विद्यार्थियों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर

सरायपाली। यूनाइटेड कराते एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास सरायपाली में विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के उद्देश्य से एक दिवसीय निःशुल्क आत्मरक्षा, योग एवं खेल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्रावास के 50 बालक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्रावास अधीक्षक किशोर प्रधान के आतिथ्य में हुआ। संस्था के मुख्य प्रशिक्षक मुरलीधर डडसेना एवं चंद्रकांत प्रधान ने विद्यार्थियों को आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण देते हुए आपात स्थिति में बचाव के तरीके बताए। इसके साथ ही विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं एकाग्रता बढ़ाने वाले अभ्यास कराए गए।
प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को मार्शल आर्ट्स एवं विभिन्न खेलों के नियमों, शारीरिक फिटनेस तथा खेल के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी भी दी। छात्रावास अधीक्षक किशोर प्रधान ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना विकसित होती है।
मुख्य प्रशिक्षक मुरलीधर डडसेना ने बताया कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण एवं आवासीय विद्यालयों तक मार्शल आर्ट्स तथा स्वास्थ्य जागरूकता का प्रशिक्षण पहुंचाना है, ताकि युवा पीढ़ी शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बन सके। शिविर में छात्रावास के स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।






























