सरायपाली:सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सेवा संकल्प शिविर, 225 महिलाओं की स्वास्थ्य जांच

सरायपाली। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वर्गीय मोहनलाल चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नारायण साहू, खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी टीआर धृतलहरे एवं विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक शीतल सिंह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विभिन्न गतिविधियां संचालित की गईं।
शिविर में चार स्टॉल लगाए गए। स्वस्थ नारी, सशक्त अभियान के तहत पहले स्टॉल में 225 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। दूसरे स्टॉल में 25 आयुष्मान कार्ड एवं 17 वय वंदना कार्ड बनाए गए। तीसरे स्टॉल में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के माध्यम से 225 मरीजों को दवाइयां वितरित की गईं।
वहीं टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत लगाए गए चौथे स्टॉल में व्यापक स्तर पर पंजीयन एवं स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान 3534 लोगों का पंजीयन एवं टीबी स्क्रीनिंग की गई, जबकि 35 लोगों की एक्स-रे जांच कराई गई।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं आमजन तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा पात्र लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाना रहा। शिविर को सफल बनाने में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली की स्वास्थ्य टीम एवं क्षेत्र की मितानिनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मितानिनों ने लोगों को शिविर तक पहुंचाने के साथ स्वास्थ्य जांच एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग किया।





























