तुमगांव:गढ़सिवनी में पारिवारिक विवाद में मारपीट, महिला समेत बुजुर्ग घायल

तुमगांव। थाना तुमगांव क्षेत्र के ग्राम गढ़सिवनी में पारिवारिक विवाद के दौरान बुजुर्ग सहित महिला से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रकरण में धारा 115(2), 296 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को सरोज ने बताया कि 24 सितंबर की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर पर थी। इसी दौरान उसके ससुर नंदकुमार सोनकर वहां आए। कुछ देर बाद नंदकुमार का बेटा उमेश सोनकर, बहू योगमाया सोनकर और पत्नी सरस्वती सोनकर भी वहां पहुंचे। उमेश ने अपनी मां लक्ष्मी सोनकर से नंदकुमार के आने के संबंध में पूछा। जानकारी मिलने पर उमेश और योगमाया ने नंदकुमार के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का से मारपीट शुरू कर दी।
सरोज के बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने उसके साथ भी गाली-गलौज कर मारपीट की। आरोप है कि योगमाया सोनकर ने सरोज की दाहिने हाथ की उंगली में दांत से काट लिया। मारपीट में सरोज के चेहरे और उंगली में चोट आई तथा खून निकलने की बात कही गई है। वहीं नंदकुमार सोनकर के बाएं जांघ और चेहरे पर चोट लगी।
घटना के दौरान सरोज की सास लक्ष्मी सोनकर मौके पर मौजूद थीं और उन्होंने बीच-बचाव किया। अगले दिन 25 सितंबर को सरोज ने थाना तुमगांव पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



























