तुमगांव:दुकान में सिगरेट के दाम को लेकर विवाद पढ़े पूरी खबर

दुकान में सिगरेट के दाम को लेकर विवाद, सात लोगों ने किया मारपीट का आरोप
तुमगांव। ग्राम पीढ़ी में गणेश विसर्जन के दौरान सिगरेट के दाम को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 25 सितंबर की रात करीब 8 बजे नीलकमल साहू अपनी दुकान पर था। इसी दौरान करण निषाद नशे की हालत में दुकान पहुंचा और एक सिगरेट मांगी। कीमत 15 रुपये बताए जाने पर वह विवाद करने लगा और कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करते हुए दुकान से बाहर चला गया।
नीलकमल ने बताया कि उसने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद वह अपने भाई देवानंद साहू, भाभी कुलेश्वरी साहू, पिता जीतराम साहू तथा ग्राम प्रमुख मोहन यादव, ढालेश्वर साहू और फागून सिंह यादव के साथ दुकान के पास पहुंचा। वहां करण निषाद के साथ चेतन निषाद, दुर्गेश निषाद, रघुवीर निषाद, देवेन्द्र निषाद, परमानंद निषाद और सूर्यकांत सेन भी मौजूद थे।
आरोप है कि करण निषाद ने दोबारा गाली-गलौज करते हुए अपने साथियों के साथ मिलकर विवाद किया और हाथ में पहने कड़े से देवानंद साहू के सिर पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने नीलकमल, देवानंद और कुलेश्वरी के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
मारपीट में नीलकमल के गर्दन व पीठ, देवानंद के सिर, गर्दन, सीना व पीठ तथा कुलेश्वरी के दोनों हाथ में चोट आने की बात शिकायत में कही गई है। घटना के दौरान ग्राम प्रमुख सहित अन्य लोगों द्वारा बीच-बचाव किए जाने का उल्लेख है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 115(2), 190, 191(2), 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



























