महासमुंद:28 से 30 सितंबर तक लगेगा सेवा सेतु कैंप, खाद्य योजनाओं की मिलेगी जानकारी

महासमुंद। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खाद्य विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिले में 28 से 30 सितंबर 2026 तक विकासखंड एवं जिला स्तरीय सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया जाएगा। विकासखंड स्तरीय शिविर संबंधित जनपद पंचायतों में आयोजित होंगे, जिसके लिए संबंधित विकासखंड के खाद्य निरीक्षक नोडल अधिकारी होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 सितंबर को महासमुंद एवं बागबाहरा, 29 सितंबर को पिथौरा एवं बसना तथा 30 सितंबर को सरायपाली विकासखंड में सेवा सेतु कैंप लगाया जाएगा। इसी दिन जिला स्तरीय शिविर कार्यालय कलेक्टर परिसर, महासमुंद में आयोजित होगा। जिला स्तरीय शिविर के लिए सहायक खाद्य अधिकारी मनीष यादव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शिविर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं राज्य खाद्य योजना से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, वन नेशन वन राशनकार्ड, राशनकार्ड की पात्रता एवं शिकायत निवारण प्रक्रिया के संबंध में भी नागरिकों को जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
कैंप में राशनकार्ड में दर्ज सदस्यों की ई-केवायसी, आधार सीडिंग एवं मोबाइल नंबर सीडिंग की सुविधा और आवश्यक जानकारी दी जाएगी। नए राशनकार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी मार्गदर्शन मिलेगा। वहीं चावल, चना, नमक, शक्कर एवं गुड़ सहित वितरित राशन सामग्री के सैंपल प्रदर्शित किए जाएंगे।
शिविर में खाद्य योजनाओं से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए भारत सरकार के “अन्न सहायता” पोर्टल, विभागीय कॉल सेंटर 18002333663, सीएम हेल्पलाइन तथा जिला शिकायत निवारण अधिकारी के संपर्क संबंधी जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी। खाद्य विभाग ने आम नागरिकों एवं हितग्राहियों से निर्धारित तिथियों में नजदीकी सेवा सेतु कैंप में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।



























