महासमुंद:27 सितंबर को होगी उल्लास नवभारत साक्षरता की मूल्यांकन परीक्षा

महासमुंद। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत नव साक्षर शिक्षार्थियों के आकलन के लिए देशव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन 27 सितंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।
जिले में शिक्षार्थियों के आकलन के लिए कुल 76 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं तथा प्रत्येक केंद्र के लिए 76 केंद्राध्यक्ष सह पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। परीक्षा में 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के शिक्षार्थी शामिल होंगे। जिले से कुल 682 शिक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल कराने का लक्ष्य रखा गया है। शिक्षार्थी अपनी सुविधा के अनुसार निर्धारित समयावधि में परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
प्रश्नपत्र हल करने के लिए प्रत्येक शिक्षार्थी को तीन घंटे का समय दिया जाएगा। प्रश्नपत्र में पढ़ना, लिखना और गणित तीन भाग होंगे। प्रत्येक भाग 50 अंकों का होगा तथा सभी प्रश्नों का उत्तर देना अनिवार्य रहेगा।
परीक्षा के सुचारू एवं गुणवत्तापूर्ण आयोजन के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं विकासखंड परियोजना अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के संकुल समन्वयक, प्रधान पाठक, शिक्षक एवं स्वयंसेवी शिक्षक सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
परीक्षा की निगरानी के लिए जिला स्तर पर जिला शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य डाइट, जिला मिशन समन्वयक, जिला परियोजना अधिकारी एवं जिला नोडल अधिकारी को मॉनिटरिंग का दायित्व सौंपा गया है। वहीं विकासखंड स्तर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड नोडल अधिकारी तथा संबंधित बीआरसीसी को मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है।




























