पिथौरा :सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत जानिए मामला

पिथौरा। ग्राम राजासेवैया निवासी 31 वर्षीय कृष्ण कुमार पटेल की सड़क हादसे में मौत के मामले में पिथौरा पुलिस ने बोलेरो पिकअप चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। घटना 23 जुलाई 2026 की रात करीब 12.40 बजे ग्राम टेका स्थित राजू ढाबा के सामने की है।
पुलिस के अनुसार कृष्ण कुमार पटेल ग्राम मेमरा स्थित कृषि सेवा केंद्र की दवाई दुकान बंद कर अपनी सफेद रंग की बिना नंबर की टीवीएस स्कूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही महिन्द्रा बोलेरो पिकअप क्रमांक CG 06 GX 0360 के चालक ने वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कृष्ण कुमार के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।
घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा लाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 41/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु रोड ट्रैफिक एक्सीडेंट (RTA) से होना बताया गया है।
मर्ग जांच के दौरान चश्मदीद गवाह तिलेश्वर उर्फ पप्पु पटेल, राजकुमार यादव और गुणसागर पटेल के बयान लिए गए। गवाहों के कथनों एवं जांच में बोलेरो पिकअप चालक की तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से दुर्घटना होना पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।






























