राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर न्यायाधीश ने दिलाई शपथ

नंदकिशोर अग्रवाल, काकाख़बरीलाल@पिथौरा। 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर स्थानीय व्यवहार न्यायालय पिथौरा में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना एवं नागरिकों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर व्यवहार न्यायालय के न्यायाधीश श्री सौरभ बारा ने न्यायालयीन कर्मचारीगण, अधिवक्तागण तथा न्यायालय में उपस्थित पक्षकारों को मतदाता शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने तथा लोकतंत्र की मजबूती में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। न्यायाधीश श्री बारा ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण अधिकार एवं कर्तव्य है। प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भय, प्रलोभन अथवा दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने आग्रह किया कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और देश के उज्ज्वल भविष्य में योगदान दें। इस दौरान उपस्थित अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने भी मतदाता जागरूकता पर अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने आगामी चुनावों में अधिक से अधिक मतदान प्रतिशत सुनिश्चित करने हेतु समाज में जागरूकता फैलाने की बात कही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति निष्ठा एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के संकल्प के साथ किया गया।




























