पिथौरा:फाइनेंस कंपनी में लाखों रुपये की हेराफेरी, शाखा प्रबंधक के खिलाफ अपराध दर्ज

पिथौरा। फ्यूजन फाइनेंस लिमिटेड की पिथौरा शाखा में कंपनी की राशि के कथित गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने शाखा प्रबंधक रोहित पटेल के खिलाफ धोखाधड़ी एवं आपराधिक न्यास भंग के आरोप में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फ्यूजन फाइनेंस लिमिटेड में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत आशुतोष सिंह ने थाना पिथौरा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि पिथौरा शाखा में फील्ड स्टाफ द्वारा प्रतिदिन ऋण वसूली की राशि शाखा प्रबंधक को जमा कराई जाती है, जिसे कैश बुक में दर्ज कर कैश वॉल्ट में सुरक्षित रखा जाता है तथा बाद में बैंक में जमा किया जाता है।
आरोप है कि शाखा प्रबंधक रोहित पटेल ने लगातार तीन दिनों तक वसूली की राशि बैंक में जमा नहीं की। पूछताछ करने पर उसने बैंक सर्वर की समस्या का हवाला दिया। बाद में 2 जून 2026 की शाम उसने एरिया मैनेजर एवं रीजनल मैनेजर को फोन कर बताया कि उसने कैश क्लोजिंग एवं दैनिक कलेक्शन की कुल 4 लाख 9 हजार 500 रुपये की राशि अपने व्यक्तिगत उपयोग में ले ली है तथा किसी व्यक्ति का उधार चुकाने में खर्च कर दी है।
शिकायत के बाद कंपनी के अधिकारियों ने शाखा में जांच की, जिसमें कैश क्लोजिंग बैलेंस से 4,09,500 रुपये कम पाए गए। बताया गया कि आरोपी ने कंपनी के अधिकारियों एवं शाखा कर्मचारियों के समक्ष भी राशि लेने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी रोहित पटेल के खिलाफ धारा 316(4) एवं 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।































