बसना:गोडमर्रा मोड़ पर मौत बनकर आया अज्ञात वाहन, दो युवकों की जान गई

बसना। थाना क्षेत्र के गोडमर्रा मोड़ के पास गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 जून 2026 की रात करीब 10:10 बजे कृष्णा राणा (16 वर्ष) निवासी जबलपुर, सूरज बरिहा (18 वर्ष) निवासी कुदारीदादर तथा सागर यादव (18 वर्ष) निवासी कुदारीदादर एक ही मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर क्रमांक CG-11-BM-4314 से जबलपुर से बसना की ओर आ रहे थे। इसी दौरान गोडमर्रा मोड़ के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में कृष्णा राणा और सूरज बरिहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सागर यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाया गया, जहां चिकित्सकों ने कृष्णा राणा एवं सूरज बरिहा को मृत घोषित कर दिया।
मामले में थाना बसना में मर्ग क्रमांक 81/2026 एवं 82/2026 दर्ज कर जांच की गई। जांच के दौरान अज्ञात वाहन चालक की लापरवाही से दुर्घटना होना पाए जाने पर पुलिस ने धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन एवं उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।































