बसना

बसना:वैवाहिक विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, पत्नी पर हत्या के प्रयास का आरोप

बसना। पारिवारिक विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर अपने पति को सुनसान जंगल में ले जाकर चाकू से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। घायल पति की शिकायत पर बसना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जटेसिरा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह डुंगुरीपाली निवासी वृंदावती मंडल से हुआ था। दांपत्य जीवन से उनकी दो पुत्रियां हैं। करीब छह माह पूर्व दोनों के बीच सामाजिक तौर पर एक वर्ष के लिए वैवाहिक विच्छेद हुआ था। वर्तमान में छोटी पुत्री पिता के पास और बड़ी पुत्री मां के साथ रहती है।
पीड़ित के अनुसार, 5 जून 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे उसकी पत्नी ने मोबाइल फोन कर उसे निलांचल राइस मिल, बसना के पास बुलाया और बन दुर्गा मंदिर में पूजा करने साथ चलने की बात कही। वह मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और पत्नी को साथ लेकर मंदिर के लिए रवाना हुआ।
आरोप है कि ग्राम बोईरडीह के पास पत्नी ने एक कच्चे रास्ते से मंदिर जाने की बात कहकर उसे जंगल की ओर ले गई। जंगल में पहुंचने के बाद दोनों एक पेड़ के नीचे बैठे। इसी दौरान महिला ने अपने पर्स से चाकू निकालकर पति के गले पर दो बार वार कर दिया। हमले में उसके गले की ऊपरी त्वचा कट गई और काफी खून बहने लगा।
घायल ने बताया कि घटना के बाद महिला अपना मोबाइल और सैंडल मौके पर छोड़कर वहां से भाग गई। किसी तरह उसने खुद को संभाला और पत्नी के मोबाइल से अपने मित्र तथा परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह थाना बसना पहुंचा, जहां उसका उपचार कराया गया।
पीड़ित की शिकायत पर बसना पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!