मुद्रा योजना से बदली प्रीति गुप्ता की जिंदगी, बनीं ‘लखपति दीदी’

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के ग्राम बुढाडांड की प्रीति गुप्ता इसकी प्रेरक मिसाल बनकर उभरी हैं। शासन की सहायता और अपनी मेहनत के बल पर उन्होंने ‘लखपति दीदी’ बनने का सपना साकार कर लिया है।
लक्ष्मी स्व-सहायता समूह से जुड़ी प्रीति गुप्ता को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत एक लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि से उन्होंने गांव में ‘दुर्गा श्रृंगार एवं किराना दुकान’ की स्थापना की। दुकान में सौंदर्य प्रसाधनों के साथ-साथ दैनिक उपयोग की विभिन्न वस्तुएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
प्रीति ने छोटे स्तर से व्यवसाय की शुरुआत की थी, लेकिन ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए धीरे-धीरे इसका विस्तार किया। आज उनकी दुकान गांव की प्रमुख दुकानों में शामिल हो चुकी है और आसपास के ग्रामीणों के लिए आवश्यक वस्तुओं का महत्वपूर्ण केंद्र बन गई है।
मुद्रा योजना से मिली आर्थिक सहायता और निरंतर परिश्रम का परिणाम है कि प्रीति वर्तमान में अपने व्यवसाय से प्रतिवर्ष लगभग 2.50 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित कर रही हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और वे अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी हैं।
प्रीति गुप्ता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और शासन की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहान एवं मुद्रा योजना के सहयोग से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने का आत्मविश्वास दिया, जिससे आज वे सम्मानजनक आय अर्जित कर परिवार की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
प्रीति की सफलता की कहानी दर्शाती है कि शासन की योजनाओं का सही लाभ उठाकर ग्रामीण महिलाएं भी स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक स्वतंत्रता हासिल कर सकती हैं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की वाहक बन सकती हैं।































