कोमाखान:टेमरी चेकपोस्ट पर 815 नशीली कैप्सूल जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

कोमाखान। पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम टेमरी जांच नाका में 815 प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त कैप्सूलों की कीमत 9,321 रुपये आंकी गई है, जबकि जप्त मशरूका की कुल कीमत 82,321 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 जून 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक काली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 NW 3725 में सवार तीन व्यक्ति ओडिशा की ओर से प्रतिबंधित नशीली दवा लेकर रायपुर की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर थाना कोमाखान के सहायक उपनिरीक्षक श्यामाचरण ध्रुव ने पुलिस टीम एवं गवाहों के साथ टेमरी जांच नाका में घेराबंदी की।
कुछ समय बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। मोटरसाइकिल पर रखे नीले रंग के पिट्ठू बैग से SPASMO PROXYVON PLUS के कुल 815 कैप्सूल बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी दवा के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविन्द शर्मा (37 वर्ष), राकेश जंघेल (31 वर्ष) और कमलेश कुमार (37 वर्ष), निवासी रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने नशीली कैप्सूल के अलावा मोटरसाइकिल एवं चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना थाना कोमाखान पुलिस द्वारा की जा रही है।






























