महासमुंद:जिला अस्पताल में नवजात बेटी को देखने पहुंचे पिता से मारपीट, कैंटीन कर्मचारियों पर आरोप

महासमुंद। जिला अस्पताल महासमुंद में अपनी नवजात बेटी को देखने पहुंचे एक व्यक्ति के साथ कथित रूप से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अस्पताल परिसर में कार्यरत कैंटीन कर्मचारियों पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदिरा चौक आरंग निवासी पीड़ित ड्राइवरी का कार्य करता है। उसने बताया कि उसकी पत्नी को प्रसव के लिए 13 जून 2026 को जिला अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराया गया था, जहां बेटी का जन्म हुआ। पत्नी और नवजात की जानकारी मिलने पर वह 15 जून को जिला अस्पताल पहुंचा और अपनी बेटी को गोद में लेकर बैठा था।
पीड़ित के अनुसार इसी दौरान उसे नींद आ गई। तभी वहां मौजूद एक गार्ड ने उसे बाहर जाने के लिए कहा। इस पर उसने अन्य लोगों को भी बाहर निकालने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर अस्पताल कैंटीन में काम करने वाले कर्मचारियों से विवाद हो गया। पीड़ित का कहना है कि कैंटीन में कार्यरत एक महिला ने उसका कॉलर पकड़कर मारपीट की तथा मोंटू नामक व्यक्ति सहित अन्य कर्मचारियों ने अश्लील गालियां देते हुए लात-घूंसों से हमला कर दिया।
मारपीट में पीड़ित के बाएं कंधे में चोट आने की बात कही गई है। घटना की प्रत्यक्षदर्शी के रूप में उसकी सास कविता एवं रिश्तेदार पायल के नाम सामने आए हैं। पीड़ित ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।






























