तुमगांव:तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो घायल, एक की हालत गंभीर

महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। घटना 13 जून 2026 की दोपहर करीब 2 बजे कुहरी-सिरपुर रोड स्थित ग्राम बांसकुड़ा मोड़ के पास हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पासिद निवासी ईश्वर विश्वकर्मा अपने बड़े भाई मनहरण विश्वकर्मा के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 NB 1877 से तुमगांव से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिरपुर की ओर से आ रही कार क्रमांक 23 BH 1563 E के चालक ने कथित रूप से तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में ईश्वर विश्वकर्मा के सिर, दोनों हाथों और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जबकि मनहरण विश्वकर्मा के दाहिने पैर में चोट लगी। दुर्घटना के बाद डायल 112 की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ईश्वर विश्वकर्मा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें महासमुंद के सोहम अस्पताल रेफर कर भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। उपचार के बाद 15 जून 2026 को पीड़ित पक्ष ने तुमगांव थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई और कार चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।































