महासमुंद :बैलगाड़ी में सवार होकर दुल्हन लेने पहुंचा दूल्हा

महासमुंद. छत्तीसगढ़ी संस्कृति व परंपरा को कायम रखने के लिए देशी अंदाज में एक दूल्हा अपनी दुल्हनियां लेने के लिए बैलगाड़ी में सवार होकर पहुंचा। साथ में बाराती भी किसान की वेशभूषा में धोती, कुर्ता व पगड़ी पहने नजर आए। इस बारात को देखकर हर कोई हैरान था।बैलबाड़ी को आकर्षक फूलों से सजाया गया था। जब दूल्हा बारात लेकर एक पैलेस में पहुंचा तो उसका स्वागत परंपरानुसार पान खिलाकर किया गया। आम तौर पर दूल्हे को लग्जरी कार या घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर जाते देखा जाता है। इस बारात में देशी अंदाज लोगों को पसंद आया। रायपुर पंडरी निवासी लेखराम साहू का पुत्र अनुराग बारात लेकर महासमुंद पहुंचा। यहां एक भवन से पैलेस तक बारात निकली। दूल्हा बैलगाड़ी में सवार होकर डांस करते दिखा। अनोखी बारात में बाराती धोती, कुर्ता व पगड़ी पहने साथ चल रहे थे। आस-पास गुजरने वाले राहगीर भी इस बारात को देखते खुश होकर दूल्हे के साथ सेल्फी भी ली। बैलगाड़ी से निकली बारात की चर्चा पूरे शहर में रही। जिले में पहली बार ऐसा देखने को मिला कि कोई दूल्हा बैलगाड़ी में सवार होकर अपनी दुल्हन लेने के लिए पहुंचा था। यहां चिंताराम की पुत्री भाविका(रोशनी ) के साथ अनुराग का विवाह सम्पन्न हुआ। अनुराग ने बताया कि वे किसान परिवार से आते हैं। इसलिए उन्होंने बैलगाड़ी से बारात निकालने का मन में आया।






















