महासमुंद:सुशासन तिहार में नई पहल, आवेदकों को घर बैठे मिल रही अपडेट

महासमुंद। सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण के लिए जिला प्रशासन महासमुंद द्वारा अभिनव पहल की जा रही है। कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देश पर जनपद पंचायतों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी हितग्राहियों से सीधे फोन पर संपर्क कर उनके आवेदनों के निराकरण की जानकारी दे रहे हैं।
इस पहल का उद्देश्य हितग्राहियों को उनके आवेदन की अद्यतन स्थिति से अवगत कराना तथा शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास को मजबूत करना है। इससे लोगों को अपने आवेदन की जानकारी के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
जनपद पंचायत महासमुंद अंतर्गत ग्राम मुनगाशेर के श्री चंदन सोनकर को दूरभाष पर बताया गया कि उनका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) 2.0 की संयुक्त सर्वे सूची में शामिल है। वहीं ग्राम पंचायत पचरी के श्री मोहित कुर्रे को उनके मनरेगा जॉब कार्ड बनने की जानकारी दी गई। इसी प्रकार ग्राम पंचायत मोगरा की सुश्री सुशीला धुव, श्रीमती उर्मिला सहित अन्य हितग्राहियों को भी उनके आवेदनों के निराकरण एवं जॉब कार्ड संबंधी जानकारी फोन पर प्रदान की गई।
हितग्राहियों ने प्रशासन की इस पहल पर खुशी जताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। जिला प्रशासन लगातार विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर उन्हें आवेदन की स्थिति, स्वीकृति एवं लाभ वितरण संबंधी जानकारी उपलब्ध करा रहा है। कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने कहा कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निराकरण और उसकी जानकारी पारदर्शी तरीके से हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।






























