पटेवा:किराना दुकान का ताला तोड़कर 11 हजार से अधिक की चोरी

पटेवा।क्षेत्र के ग्राम गोंगल में अज्ञात चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए नकदी, सिक्के एवं शीतल पेय की बोतलों सहित कुल 11,340 रुपये की चोरी कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गोंगल निवासी एक किराना दुकानदार ने बताया कि 7 जून 2026 की रात करीब 10 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था। दुकान की दिनभर की बिक्री से प्राप्त 7,000 रुपये के सिक्के एवं 4,000 रुपये नगद राशि दुकान के गल्ले में रखी गई थी। इसके बाद दुकान में ताला लगाकर वह परिवार के साथ घर में सो गया।
अगली सुबह 8 जून को करीब 6 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो देखा कि दुकान के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर जांच करने पर गल्ले में रखे 7,000 रुपये के सिक्के, 4,000 रुपये नगद तथा 2 लीटर क्षमता वाली स्प्राइट की 4 बोतलें गायब मिलीं। चोरी गए सामान की कुल कीमत 11,340 रुपये बताई गई है।
घटना की जानकारी गांव के लोगों एवं कोटवार को दी गई। आसपास खोजबीन के बाद भी चोरी गए सामान का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
































