सरायपाली:बच्चों को पिलाई गई दो बूंद जिंदगी की

सरायपाली। तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ 21 दिसंबर को स्वर्गीय मोहनलाल चौधरी शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरायपाली में महिला जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति एवं सहभागिता में किया गया। इस अवसर पर महिला जनप्रतिनिधियों ने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पल्स पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की विधिवत शुरुआत की।
कार्यक्रम के दौरान महिला जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाएं और पोलियो उन्मूलन के इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि “दो बूंद जिंदगी की” हर बच्चे के स्वस्थ भविष्य की गारंटी है।
इस अवसर पर सरायपाली विधायक चातुरी नंद , छ. ग. राज्य महिला आयोग सदस्य सरला कोसरिया , जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल , जिला पंचायत सदस्य कुमारी भास्कर मैडम, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ प्रकाश पटेल स्वास्थ्य सभापति उषा पटेल द्वारा स्वर्गीय मोहनलाल चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में सभी बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई गई इस कार्यक्रम में
अनुविभागीय अधिकारी( राजस्व) अनुपमा आनंद( आईएएस),खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल नायक, खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी टी.आर. धृतलहरे, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक शीतल सिंह सहित सीएचसी सरायपाली के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जहां पर डॉ कुणाल नायक ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी, ताकि पोलियो को पूरे विश्व से उन्मूलित किया जा सके कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्त्वपूर्ण भागीदारी निभाकर इस अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।


























