सरायपाली: विदाई समारोह का आयोजन

सरायपाली। शासकीय उच्चतर
माध्यमिक विद्यालय कुसमीसरार में पूर्व प्राचार्य कामता प्रसाद पटेल एवं बाबू बसंत कुमार पटेल की सेवा निवृत्ति पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सत्य प्रकाश साहू ने दोनों पटेल बंधुओं के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दोनों का शॉल, श्रीफल तथा भगवान श्रीराम चंद्र जी की प्रतिमा भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य विमल कुमार साहू ने कहा कि सेवानिवृत्ति होना एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। उन्होंने भूतपूर्व प्राचार्य श्री पटेल के कार्यकाल को अनुकरणीय एवं प्रेरणादायक बताया। विशिष्ट अतिथि पूर्णानंद पाणिग्राही ने शाला विकास समिति के सदस्यों एवं स्कूल स्टाफ को एक साथ समन्वय स्थापित करके शाला एवं विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम में शाला विकास समिति के उपाध्यक्ष हेमसागर साहू, तरूणी सेन साहू निरंजन कठार, रजनी भोई, फिलिप नंद, क्षीर सागर बारिक, भारत सेठ, भागीरथी प्रधान एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में संकुल समन्वयक मुकेश बारीक एवं प्राइमरी, मिडिल तथा हायर सेकेंडरी स्कूल कुसमीसरार के समस्त कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन संस्था के प्राचार्य श्री साहू के
द्वारा किया गया।


























