
पिथौरा। पंडरीपानी नाला में खम्मन एनीकट बनाने आज क्षेत्रीय विधायक एवं संसदीय सचिव श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने भूमिपूजन किया। 3 करोड़ की लागत से बनने जा रहे इस एनीकट के बन जाने क्षेत्रवासियों को सिंचाई, निस्तारी, और आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं में इजाफा होगा। एनीकट की आवश्यकता को लेकर उस क्षेत्र के कृषकों ने संसदीय सचिव रूपकुमारी चौधरी से मांग की थी। इस पर चौधरी ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से सर्वे करा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली थी। जल संसाधन विभाग ने खम्मन एनीकट की संभावनाओं एवं कृषकों को होने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी कि एनीकट का निर्माण हो जाता है तो लगभग 150 एकड़ कृषि भूमि में सिंचित की जा सकती है। विभाग से मिली जानकारी के बाद चौधरी ने मुख्यमंत्री से इसके लिए वित्तीय स्वीकृति की मांग की थी। कृषकों की कृषि कार्य की उन्नति के लिए तथा बार-बार पड़ रहे अकाल से निजात पाने के लिए विधायक की मांग पर मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने खम्मन एनीकट बनाने के लिए स्वीकृति देते हुए निर्माण जल्द से जल्द पूर्ण हो इस हेतु समय सीमा का निर्धारण भी किया है। इसके बाद मंत्रालय ने पत्र लिखकर जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता को निर्देशित किया है कि पंडरीपानी नाला के खम्मन एनीकट योजना का कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए। खम्मन एनीकट बन जाने से खम्मन, तिलकपुर, पथरला सहित आसपास के ग्राम वासियों को आवागमन में आसानी होगी। पथरला से कसडोल की दूरी 10 किलोमीटर कम हो जाएगी। खम्मन एनीकट की मंजूरी से क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर है। संसदीय सचिव चौधरी ने खम्मन एनीकट स्वीकृति पर मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह एवं कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल का आभार माना है। भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अखिलेश भोई, सरपंच ताराबाई चौधरी, बसना भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश अग्रवाल, गढ़फुलझर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र प्रधान, पिरदा मंडल महामंत्री दिनेश नायक, अलेख प्रधान, हेमसागर प्रधान, सुरेंद्र बुढेक, शोकिलाल बरिहा, मकरध्वज बरिहा, उग्रसेन बुढेक, अभिमन्यु प्रधान, नवीन साव, जगबंधु केवर्त, संजय प्रधान, दुर्गेश सिन्हा, श्यामलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


























