डीजल टैंकर गाड़ी अनियंत्रित होकर खेत में पलटी….. बर्तन लेकर डीज़ल भरने ग्रामीणों की उमड़ी भीड़

रतनपुर (काकाखबरीलाल). पेट्रोल-डीजल के बढ़े कीमतों के बीच बिलासपुर के रतनपुर में उस वक्त डीजल की लूट मच गई, जब एक डीजल टैंकर गाड़ी अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। लोगों को जैसे ही डीजल टैंकर पलटने की जानकारी मिली, जान जोखिम में डालकर लोग डब्बा बाल्टी में डीजल भर भरकर ले जाने लगे।
वहीं खबर मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया, उनके मना करने के बावजूद किसी ने एक ना सुनी और अपनी ही धुन में वे डीजल भरते रहे।
दरअसल, बुधवार शाम को रतनपुर थाना क्षेत्र के खूंटाघाट डेम के पास पलट गई थी और टैंकर में भरा डीजल पास के लगे एक खेत में बह गया। हालांकि राहत वाली बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लेकिन ग्रामीणों को जैसी ही इसकी खबर मिली सब एक के बाद एक करके डीजल लूटने टूट पडे।
जिसे जो बर्तन मिला, डब्बा मिला वो वही लेकर मौके पर पहुंच गया और डीजल भरने लगा। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि टैंकर किसका था और कहां से आ रहा था। इधर, टैंकर को अब भी निकाला नहीं जा सका है और ड्राइवर को हल्की चोटें लगी हैं।

























