महासमुंद:छात्र पर हमला, कड़े से सिर पर वार कर किया लहूलुहान

महासमुंद। ग्राम बेमचा के अटल चौक के पास 8 सितंबर की शाम एक युवक के साथ गाली-गलौज कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार कक्षा 12वीं में पढ़ने वाला युवक शाम करीब 4 बजे अटल चौक के पास खड़ा था। इसी दौरान गांव के टिकेश्वर मानिकपुरी, जितू साहू सहित दो अन्य युवक वहां पहुंचे और युवक से बेवजह अश्लील गाली-गलौज करने लगे।
युवक द्वारा गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि जितू साहू ने हाथ में पहने कड़े से युवक के सिर पर वार कर दिया, जिससे सिर में गंभीर चोट लगी और खून निकलने लगा। युवक को घायल देखकर आरोपी मौके से भाग गए। घटना के दौरान उसके दोस्त तुषार यादव ने बीच-बचाव किया।
बाद में युवक का भाई शिव कुमार साहू उसे घर ले गया। कुछ समय बाद घायल को इलाज के लिए आकाल पूरख अस्पताल महासमुंद ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। पुलिस ने115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(3)-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

























