अनाधिकृत रूप से चार पूर्व विधायक सहित 12 लोग घुसे क्वारंटाइन सेंटर,अब जाना पड़ रहा है होम क्वारंटाइन

रामकुमार नायक,विजय हिंदुस्तानी की EXCLUSIVE रिपोर्ट
महासमुंद (काकाखबरीलाल) । आज सरायपाली के केलेंडा क्वारन्टीन सेंटर के अंदर अनाधिकृत रूप से पहुंचे भाजपा के जिलाध्यक्ष सहित चार पूर्व विधायक और मंडल के सदस्यों को क्वारन्टीन सेंटर में रोका गया था। ज्ञात हो कि विगत दिन पूर्व कलेण्डा क्वारंटाइन सेंटर में हुई महिला की मौत के बाद आज मृत महिला के परिजन से मिलने एवं क्वारंटाइन सेंटर का निरीक्षण करने भाजपा के जिलाध्यक्ष सहित चार पूर्व विधायक तीन मंडल अध्यक्ष(दो पूर्व) भी कलेण्डा क्वारंटाइन सेंटर में पहुँचे थे इस बारे में जब एसडीएम कुणाल दुदावत को जानकारी मिली तब मौके पर प्रशासन की टीम द्वारा उनको क्वारंटाइन सेंटर के भीतर मैदान में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए रोका गया और सबको सेंटर के मैदान में लगभग 3 घण्टे तक रोक कर जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग का इंतजार किया गया ।
पूर्व विधायकों को 03 घण्टे रोककर रखने की खबर सुनते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गया था, इसी बीच सरायपाली एसडीएम कुणाल दुदावत के द्वारा त्वरित ऐक्शन लेते हुए अपने टीम के साथ स्पॉट पर पहुँचे एवं भाजपा नेताओं की रैपिड टेस्ट किट में COVID 19 की जांच के पश्चात उन सबको बाहर जाने की अनुमति दी गई।
इस सम्बंध में जब काकाखबरीलाल ने सरायपाली SDM से संपर्क साधा तो बताया कि 4.30 बजे के आस पास 12 लोगों के द्वारा क्वारंटाइन सेंटर कलेण्डा के बाउंड्री के अंदर कमरे तक अनाधिकृत रूप से प्रवेश किया गया था, वहाँ लोगों से मुलाकात कर रहे थे,जो कि अनुमति नही है। सभी लोगों को वही 3 घंटे तक रखा गया, सभी के रैपिड किट टेस्ट भी कराये गए रिपोर्ट नेगेटिव आया । सभी को होम आइसोलेशन में भेज दिया गया है, पुलिस मामले में जांच कर रही है।
वहां उपस्थित लोगों में वर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष एंव पूर्व विधायक रूपकुमारी चौधरी, पूर्व विधायक रामलाल चौहान, डॉ. विमल चोपड़ा, त्रिलोचन पटेल साथ ही हेतराम साहू, विपिन उपावेजा, धनेश नायक, संजय डड़सेना , कामता पटेल सहित भाजपा मंडल के और कुछ अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।
इस संबंध में कलेक्टर से जानकारी लेने पर उन्होंने कहा कि क्वारंटीन के नियम बिल्कुल स्पष्ट हैं, और जो लोग इस केन्द्र के भीतर गए हैं उन्हें अनिवार्य रूप से चौदह दिन क्वारंटीन रहना होगा जो कि उनकी खुद की सेहत के लिए और बाकी तमाम लोगों की सेहत के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति हो, क्वारंटीन की शर्तों से किसी को छूट नहीं मिल सकती। उन्होंने माना कि केन्द्र के बाहर ताला लगाकर रखा गया है और सबकी कोरोना जांच के लिए कार्रवाई की गई है।
काकाखबरीलाल के माध्यम से एसडीएम कुणाल दुदावत ने लोगों से अपील की क्वारंटाइन सेंटर में अनाधिकृत रूप से प्रवेश न करें साथ ही सामाजिक दूरी बनाकर बाहर से ही बात चीत करें । किसी भी क्वारंटाइन सेंटर में सम्बंधित अधिकारियों डॉक्टरों के अतिरिक्त किसी का भी प्रवेश करना ठीक नही है इससे संक्रमण का खतरा बढ़ता है।






















