निर्मला सीतारमण का ऐलान, गरीबों को 1.7 लाख करोड़ की मदद देगी सरकार.. महिलाओं के जनधन खाते में हर महीने 500 रुपये…

देश दुनिया(काकाखबरीलाल)। भारत में कोरोनावायरस की वजह से 21 दिनों का लॉक डाउन है। लॉकडाउन की वजह से देश की इकोनॉमी को बड़ा नुकसान हो सकता है। ऐसे में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए मीडिया से बातचीत की। इस दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आर्थिक पैकेज का ऐलान किया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गरीब कल्याण योजना के तहत 1.7 लाख करोड़ रुपए के पैकेज का ऐलान किया है। वित्त मंत्री का कहना है कि प्रवासी श्रमिकों, शहरी और ग्रामीण गरीबों को तत्काल सहायता की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि कोई गरीब भूखा नहीं रहेगा। 50 लाख का होगा बीमा उन्होंने आगे कहा कि 3 महीने के लिए चिकित्सा बीमा कवर के रूप में प्रति स्वास्थ्य देखभाल कर्मचारी के लिए 50 हजार रुपए का बीमा होगा। निर्मला सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश के 80 करोड़ गरीबों को प्रति गरीब व्यक्ति को 5-5 किलो चावल और 5-5 किलो गेंहू हर महीने दिया जाएगा। अगले 3 महीने तक गेंहू और चावल दिया जाएगा। साथ ही सरकार एक किलो दाल भी अगले तीन महीने तक देगी। इन गरीबों को पहले से ही 3-3 किलो चावल और गेंहू सरकार देती है। सारा राशन सरकारी गल्ले की दुकानों (पीडीएस) से मिलेगा।
सरकार ने कैश ट्रांसफर से जुड़ी 8 घोषणाएं की हैं। जोकि किसान, मनरेगा, गरीब विधवा, गरीब पेंशनर्स, जनधन योजना में महिलाओं के खाते, उज्जवला योजना की लाभार्थी महिलाएं, नेशनल रूरल लाइवलीहुड मिशन की लाभार्थी महिलाएं और निर्माण क्षेत्र से जुड़े मजदूरों के लिए है।
किसान को अभी पीएम किसान सम्मान निधि में 6000 रुपये सालाना मिलता है। उसकी एक किस्त तुरंत दी जाएगी, इससे 8.69 करोड़ किसानों को फायदा होगा।
मनरेगा- मनरेगा में न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने का ऐलान, इससे करीब 5 करोड़ परिवारों को फायदा मिलेगा। इससे हर मजदूर को करीब 2000 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी 182 प्रतिदिन से बढ़ाकर 202 रुपये प्रतिदिन की गई, इससे उनकी आय में करीब 2000 रुपये की अतिरिक्त बढ़त होगी।
गरीब विधवाओं के लिए अगले तीन महीने में 1000 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे, इससे 3 करोड़ गरीब विधवाओं, दिव्यांग आदि को फायदा होगा। एक हजार रुपया दो किस्तों में दिया जाएगा और बैंक खाते में जाएगा।
20 करोड़ महिला जनधन खाताधारक- इन्हें 500 रुपये हर महीने अगले 3 महीने तक मिलेंगे, इससे 20 करोड़ महिलाओं को फायदा होगा।
उज्जवला योजना लाभार्थी- ऐसे बीपीएल परिवार जिन्हें उज्जवला योजना का फायदा मिला है, उन्हें अगले तीन महीने तक 3 मुफ्त गैस सिलेंडर मिलेंगे, इससे 8.3 करोड़ बीपीएल परिवारों को फायदा होगा।

























